10/26/2010

अनुसूचित जाति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: गौतम

देहरादून, जागरण ब्यूरो
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि योजनाओं का लाभ अनुसूचित जाति के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मोर्चा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने कहा कि समाज के चहुंमुखी विकास के लिए भाजपा संगठन और सरकार जमीनी प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित वर्ग का हित भाजपा में ही सुरक्षित है। उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि समाज को जोड़ने के लिए प्रदेश में खास अभियान चलाएं। उन्होंने मोर्चा को लेकर बिंदुवार संगठनात्मक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिशन 2012 में मोर्चा की परीक्षा होगी, जिसमें उसे हर हाल में पास होना होगा। उन्होंने संगठन की भावी रूपरेखा भी इस दौरान रखी।
मोर्चा के उत्तराखंड प्रभारी मोहन लाल दायमा ने संगठन को सुदृढ़ बनाने की जरूरत बताई। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विधायक अजय टम्टा ने बैठक में संगठन की प्रगति रिपोर्ट रखी। उन्होंने सभी प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया कि संगठन की मजबूती के लिए जुट जाएं। सरकार की जनहित की योजनाओं का लाभ और उनकी जानकारी आम आदमी तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा भी की।
इस मौके पर दायित्वधारी चमन लाल बाल्मीकि, श्रीमती गीता ठाकुर, भगवंत सिंह मकवाना, अजय राठौर, विधायक राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष खूब सिंह विकल, मुकेश कुमार, श्रीमती तारा देवी आदि मौजूद थे। संचालन महामंत्री मगन लाल शाह और हेम आर्य ने किया।

No comments: